बसदेई | चौकी बसदेई पुलिस ने नशीली इंजेक्शनों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए लंबे समय से फरार आरोपी लवकेश रवि उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य सप्लायर दंपती सहित कई आरोपियों को जेल भेज चुकी है। नशीली दवाओं के इस अवैध कारोबार का खुलासा 19 अक्टूबर 2025 को हुआ था, जब ग्राम सिरसी निवासी राही खान को 48 नग नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में पवन पाटील, मोहर मनिया और श्रावण पाटील के नाम सामने आए। पुलिस ने मोहर मनिया से 252 नग इंजेक्शन जब्त कर गिरोह की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच में पता चला कि गिरोह बिश्रामपुर निवासी दिनेश राव उर्फ बबली और उसकी पत्नी सोनिया राव उर्फ बंटी से इंजेक्शन खरीदता था। दोनों को गिरफ्तार कर 300 नग इंजेक्शन बरामद किए गए थे। इसी नेटवर्क का सदस्य लवकेश रवि उर्फ रिंकू फरार था। मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


