पिकअप पलटने से एक मवेशी की मौत, तस्कर फरार

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी में मंगलवार रात मवेशियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से भाग निकले। झारखंड पासिंग पिकअप जेएच 13 जे 6737 तेज रफ्तार में मवेशियों को लेकर जा रही थी। खजुरी के पास अचानक वाहन का एक पहिया निकल गया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। वाहन पलटते ही उसमें बांधकर लादे गए मवेशी दर्द से चिल्लाने लगे। पकड़े जाने के डर से चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों ने पलटी हुई पिकअप देखी और मवेशियों को तड़पते पाया, तो उन्होंने तत्काल उन्हें बाहर निकाला। पिकअप में कुल 9 गौवंश लोड थे, जिनमें से एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि 8 को सुरक्षित बचा लिया गया है। सूचना पर दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि गाड़ी झारखंड की है, जिससे अंदेशा है कि मवेशियों को तस्करी कर झारखंड ले जाया जा रहा था। पुलिस अब आरटीओ रिकॉर्ड के जरिए वाहन मालिक की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एक दिन पहले ही कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरबार रोड पर पुलिस ने 7 गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया था। ये तस्कर आवारा मवेशियों को पिकअप में भरकर झारखंड के बूचड़खानों में सप्लाई करने की फिराक में थे। उनके पास से एक कार और पिकअप भी बरामद की गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *