भास्कर न्यूज| राजनांदगांव छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा दल्लीराजहरा के क्रिकेट मैदान में आयोजित अंडर-19 क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की टीम ने लीग आधार पर खेले जा रहे इस प्रतियोगिता के तीसरे मैच में दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर ब्लू को 177 रनों से करारी शिकस्त दी। राजनांदगांव ने पहली पारी में 190 रन बनाए, जिसमें युक्तार्थ देवांगन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में बिलासपुर ब्लू की पहली पारी राजनांदगांव के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम मात्र 42 रन पर सिमट गई। इस पारी में राजनांदगांव के अर्शवीर सिंह भाटिया ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए मात्र 10 रन देकर ही 8 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद राजनांदगांव ने दूसरी पारी में भी संतुलित बल्लेबाज़ी करते हुए एक बार फिर 190 रन बनाए और बिलासपुर ब्लू के सामने 339 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। राजनांदगांव की दूसरी पारी में उसके सलामी बल्लेबाजों अनुकरण कोठारे एवं श्रेयांश शांडेकर ने मजबूत शुरुआत करते हुए क्रमशः 34 एवं 31 रन सर्वाधिक बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिलासपुर ब्लू की टीम दूसरी पारी में भी दबाव में नज़र आई और पूरी टीम 161 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में अर्शवीर सिंह भाटिया ने एक बार फिर शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि तीर्थ राठौर और गुलाम अशरफ ने 2-2 विकेट लेकर जीत को पूरी तरह सुनिश्चित किया। इस तरह राजनांदगांव ने यह मुकाबला 177 रनों से अपने नाम किया, वहीं अर्शवीर सिंह भाटिया ने पूरे मैच में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए कुल 12 विकेट हासिल कर मैन आफ द मैच रहे। इस मैच के पूर्व ही जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की टीम ने कांकेर जिले की क्रिकेट टीम को एक पारी एवं 117 रनों के विशाल अंतर से परास्त किया था। टूर्नामेंट में राजनांदगांव का अगला मुकाबला 17 जनवरी से रायपुर के साथ खेला जाएगा।


