उदयपुर में 18 जनवरी को होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर बड़गांव बस्ती में रात को मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिन्दुत्व, भारतीय मूल्यों और राष्ट्रभाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया था। शहर से सटे बड़गांव बस्ती में एक मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। मशाल यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भारत माता की जय जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। गांव की गलियों में निकली मशाल यात्रा के जनिए इस सम्मेलन को लेकर संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक धनराज ने संबोधित करते हुए एक स्वर में सम्मेलन को अनुशासित एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति की और से आगामी दिनों में वाहन रैली, सामूहिक धार्मिक आयोजन, घर-घर संपर्क अभियान एवं भगवा ध्वज स्थापना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मेलन की व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी ओमशंकर श्रीमाली ने बताया कि हिन्दू सम्मेलन में महामंडलेश्वर ईश्वरानंद ब्रह्मचारी (उत्तम स्वामी महाराज), पत्रकार रुबिका लियाकत तथा राष्ट्रीय गौ सेवा प्रमुख अजित महापात्रा सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर आयोजन संयोजक डॉ. अनिल मेहता, प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना, पन्नालाल शर्मा, गेहरीलाल शर्मा, कैलाश शर्मा, दिनेश शर्मा, दीपक शर्मा, डॉ. देवेंद्र श्रीमाली, दीपक सिंघवी, जमनालाल ओझा आदि उपस्थित रहे।


