रठांजना में 8 लाख के डोडा-चूरा के साथ तीन गिरफ्तार:गादोला-डेरी मार्ग पर नाकाबंदी कर पकड़ा, स्विफ्ट और बोलेरो जब्त

रठांजना पुलिस और जिला स्पेशल टीम प्रतापगढ़ ने 51 किलो 980 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार और एक एस्कॉर्ट कर रही बोलेरो को भी जब्त किया गया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में की गई। रठांजना थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने टीम का नेतृत्व किया। घटना 14 जनवरी 2026 की है। रठांजना थाना पुलिस गादोला से डेरी जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान डेरी की ओर से आ रही एक बोलेरो और उसके पीछे चल रही स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों वाहनों के चालकों ने गति बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ दी और गादोला की ओर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल पीछा कर गादोला तालाब के पास वाटर वर्क्स रोड पर दोनों वाहनों को घेर लिया। आगे रास्ता बंद होने पर आरोपी वाहन घुमाने लगे। इसी दौरान स्विफ्ट कार का चालक वाहन छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मौके से एस्कॉर्टिंग वाहन बोलेरो चालक तेजपाल सिंह तथा स्विफ्ट कार में सवार विक्रम सिंह और अनिल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से 51.980 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस थाना रठांजना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *