बारां में आपदा राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित सिविल डिफेंस वॉलंटियर की कमी दूर की जाएगी। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित खेल संकुल में सिविल डिफेंस वॉलंटियर की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 666 युवाओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। अभ्यर्थियों का मौके पर शारीरिक परीक्षण, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन किया जा रहा है। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 800 मीटर की दौड़ आयोजित की जा रही है। भर्ती में ड्राइवर और तैराक सहित विभिन्न श्रेणियों में वॉलंटियर का चयन किया जा रहा है। कुल लगभग 500 वॉलंटियर चुने जाएंगे, जिनमें से 350 चयनित अभ्यर्थियों को विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर यह भर्ती अभियान संचालित हो रहा है, जिसकी निगरानी नियंत्रक अधिकारी दुर्गा शंकर मीना कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि चयनित वॉलंटियर आपदा, अग्निकांड, बाढ़ और दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


