जैसलमेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर लाठी थाना क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हाईवे पर खड़ी एक कार को पीछे से आ रही दूसरी तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में गुजरात निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद वहां से गुजर रही सेना की गाडी ने सभी घायलों को पोकरण हॉस्पिटल पहुंचाया जहां घायलों का इलाज जारी है। वहीं टक्कर मारने वाली कार का ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। लाठी थाना पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। रामदेवरा से जैसलमेर जा रहा था परिवार जानकारी के अनुसार, गुजरात के पंचमहाल (हालोल) निवासी जगदीश भाई का परिवार बाबा रामदेवरा के दर्शन करने के बाद कार में सवार होकर जैसलमेर घूमने जा रहा था। खेतोलाई गांव से करीब दो किलोमीटर पहले बच्चों को उल्टी होने की शिकायत हुई। उन्होंने कार को सड़क किनारे लगाया। उनकी कार हाईवे के किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सेना ने निभाया देवदूत का फर्ज हादसे के दौरान वहां से गुजर रही सेना की गाडी ने अपनी गाडी रोकी। मौके पर पहुंची भारतीय सेना के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत पोकरण के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने 35 वर्षीय भावना बेन पत्नी जगदीश भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल तीन मासूमों का इलाज जारी है। घायलों की पहचान इस प्रकार है: आरोपी ड्राइवर मौके से फरार घटना के बाद टक्कर मारने वाली कार में सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। लाठी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


