हनुमानगढ़ के खुशाल दास विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संकाय के बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर प्रथम सेमेस्टर के 40 छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को संगरिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों, अनुसंधान गतिविधियों और व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराना था। केवीके प्रथम के प्रधान वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार ने छात्र-छात्राओं को केंद्र की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, मृदा परीक्षण, बीज उत्पादन, कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम और कृषि नवाचारों के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. कुमार ने भविष्य के कृषि वैज्ञानिकों को अनुसंधान आधारित कृषि अपनाने और तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका पर भी मार्गदर्शन दिया। दौरे के दौरान छात्र-छात्राओं ने केवीके परिसर में संचालित विभिन्न प्रायोगिक प्रदर्शनों, मॉडल्स और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर कृषि संबंधी विभिन्न पहलुओं को समझा। छात्र-छात्राओं ने इस शैक्षणिक दौरे को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने शैक्षणिक दौरे को छात्र-छात्राओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। जुनेजा ने कहा कि ऐसे दौरे कक्षा शिक्षण के साथ-साथ वास्तविक क्षेत्रीय अनुभव प्रदान करते हैं, जिससे छात्र-छात्राएं भविष्य में कुशल कृषि वैज्ञानिक एवं उद्यमी बन सकेंगे। इस शैक्षणिक दौरे के दौरान विष्णु मूंड, सूरज कुमार, पूजा और अमिता मीना सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


