सिरोही में पीएम श्री योजना के तहत छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करने हेतु सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बिजारनियां, नर्सिंग अधिकारी निकिता खत्री और जन स्वास्थ्य प्रबंधक दिलावर खान के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय में प्रदान किया। प्रधानाचार्य हीरा खत्री और कार्यक्रम प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय की 190 बालिकाओं सहित स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। डॉ. बिजारनियां ने सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यकता, उपयोगिता और समय पर सही प्रक्रिया अपनाने से जीवन रक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण को “करके सीखें” पद्धति से प्रभावी बनाया गया। इसमें पहले चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ ने स्वयं अभ्यास कर प्रदर्शन किया। इसके बाद स्टाफ और बालिकाओं से अभ्यास करवाया गया, जिससे प्रशिक्षण अत्यंत रोचक और व्यावहारिक रहा।
पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि इस योजना के तहत स्वास्थ्य जांच, विशेष चिकित्सा सेवाएं और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण नियमित रूप से दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लिए भी उपयोगी बनाना है।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य अनीता चौहान, वर्षा त्रिवेदी, पारस राजपुरोहित, शर्मिला डाबी, दिनेश कुमार सुथार, कीर्ति सोलंकी सहित विद्यालय की बालिकाएं उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत लाभकारी बताया और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।


