राजसमंद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत 21 जनवरी को जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर सेफ्टी’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्रीनाथजी उदयपुर टोल वेज एवं राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस संदर्भ में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने मैराथन के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश देने की अपील की। कार्यक्रम में एडीएम नरेश बुनकर, एसपी रजत विश्नोई, जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा सहित टोल वेज के अधिकारी उपस्थित रहे। टोल वेज के प्रोजेक्ट हेड जयनंदन मिश्रा के अनुसार मैराथन 21 जनवरी को सुबह 7.30 बजे राजसमंद झील स्थित नौ चौकी पाल से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप उद्यान तक आयोजित होगी। इसके साथ ही 100 मीटर एवं 500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने यातायात नियमों की पालना करने ने का आह्वान किया।


