छात्रों का नवोदय स्कूल से जाने का वीडियो आया:छिंदवाड़ा में स्टूडेंट ने लिखा- मरने नहीं जा रहे, आ जाएंगे; रैगिंग का आरोप

छिंदवाड़ा में सीनियर पर रैगिंग का आरोप लगाकर जवाहर नवोदय स्कूल के दो छात्र भाग गए। कक्षा 10 वीं के छात्रों का बॉयस हॉस्टल के पास की बाउंड्री से कूदकर जाने का वीडियो भी सामने आया है। 24 घंटे से ज्यादा का समय हो जाने के बाद भी उन्हें ढूंढा नहीं जा सका है। उन्हें ढूंढने एसआईटी टीम गठित की गई। बच्चे अपने पीछे लेटर छोड़कर गए हैं। एक ने लिखा है कि ढूंढने की कोशिश न की जाए, वह मरने नहीं जा रहे। गुस्सा शांत होने पर खुद ही घर लौट जाएंगे। गुरुवार को लापता छात्रों के अभिभावक भी स्कूल परिसर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा बच्चों को लगातार रैगिंग का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने परेशान होकर यह कदम उठाया। SIT गठित, सीमावर्ती थाने अलर्ट
इधर, अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण धुर्वे और सिंगोड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों छात्र स्कूल की दीवार कूदकर बाहर निकले थे, लेकिन काफी देर तक स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं हुई, जिससे लापरवाही के आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडे के निर्देश पर एसडीओपी अमरवाड़ा और थाना प्रभारी अमरवाड़ा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।इसके साथ ही सीमा क्षेत्र के सभी थानों को सूचना जारी कर दी गई है ताकि छात्रों की जल्द से जल्द तलाश की जा सके। पत्र में लिखा ढूंढना मत, खुद घर आऊंगा
छात्र नोट छोड़कर गए हैं, जिसमें उन्होंने लिखा है कि कई दिनों से उनके सदन के वरिष्ठ छात्रों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। एक सीनियर का नाम लिखते हुए अन्य पर भी रैगिंग के आरोप लगाए हैं। जिससे मानसिक तनाव बहुत बढ़ गया था। रविवार को धमकाए जाने व 1 हजार रुपए देने की बात कही गई। जिसके बदले अपना नाम बताकर पीएटी टीचर से छात्र का फोन मांगने कहा था। एक छात्र ने यह भी लिखा है कि मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना तो बेहतर होगा, क्योंकि मैं नहीं मिलूंगा। मैं भाग रहा हूं, मर नहीं रहा। इसमें किसी भी शिक्षक का कोई दोष नहीं है। गुस्सा शांत होने पर खुद घर चला आउंगा। एसपी आशीष खरे ने बताया कि छात्रों द्वारा कथित रूप से पत्र लिखकर जाने की जानकारी भी सामने आई है। प्राप्त पत्र में जांच की जा रही है कि हैंडराइटिंग उन्हीं छात्रों की है या किसी अन्य की। पुलिस इस पूरे प्रकरण में हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी छात्रों का पता नहीं चल पाने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। प्रशासन ने दोनों छात्रों को सुरक्षित खोज निकालने का भरोसा दिलाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *