जशपुर में अतिक्रमण पर कार्रवाई:कई गुमटी और ठेले हटाए गए, नगर पालिका CMO बोले-लगातार मिल रही थी शिकायतें

जशपुर में नगर पालिका ने गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान शहर में अवैध रूप से स्थापित कई गुमटी और ठेलों को बुलडोजर-ट्रैक्टर की मदद से हटाया गया और जब्त कर पालिका कार्यालय भेजा गया। अभियान की शुरुआत बस स्टैंड से हुई। जहां सार्वजनिक प्याऊ के पास एक अवैध गुमटी बनाई जा रही थी। पालिका की टीम ने इसे तोड़कर ट्रैक्टर में लोड किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि बस स्टैंड पर अतिक्रमण और नियमों की अनदेखी के खिलाफ यह कार्रवाई आवश्यक थी। इसके बाद नगर पालिका की टीम भगवान विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थित यातायात विभाग के बूथ के बगल में स्थापित एक गुमटी को हटाने पहुंची। गुमटी संचालक ने शाम तक इसे स्वयं हटाने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद पालिका ने वहां कार्रवाई रोक दी। अभियान का तीसरा चरण रांची रोड स्थित एनईएस कॉलेज के पास चला। यहां सड़क किनारे अवैध रूप से स्थापित एक और गुमटी को भी तोड़कर जब्त कर लिया गया। लगातार मिल रही थी शिकायतें- सीएमओ नगरपालिका के सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण और नियमों की अनदेखी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका क्षेत्र में जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिलेगी, वहां से अवैध गुमटी और ठेले हटाए जाएंगे और संबंधित खर्च भी अतिक्रमणकारी से वसूल किया जाएगा। की जाएगी मांस-मछली की दुकानों को हटाने की कार्रवाई सीएमओ ने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही शहर के साप्ताहिक बाजार के आसपास सड़क किनारे लगने वाले मांस-मछली की दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया,“अतिक्रमण की शिकायतों के बाद कार्रवाई की गई है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।” नगर पालिका की यह पहल शहर में कानून का शासन स्थापित करने और अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *