करौली के बीजलपुर-पटोर मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तेज रफ्तार के कारण हुई। जानकारी के अनुसार, बीजलपुर-पटोर मार्ग पर एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने बाइक पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में मनीष बैरवा (14) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक मनीष बैरवा (14) पुत्र रामराज बैरवा, माढ़ई, थाना कुडगांव का निवासी था। उसका शव करौली जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। घायलों में अनीश उर्फ अनुज (17) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर किया गया है, जबकि शिवा बैरवा (20) पुत्र हंसराज बैरवा, निवासी नयावास, थाना कुडगांव का इलाज करौली अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कुछ देर के लिए सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और फरार टाटा पंच कार तथा उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है।


