गणतंत्र दिवस- दिल्ली के लिए पार्सल-बुकिंग पर 4 दिन रोक:राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली ट्रेनों में नहीं भेज सकेंगे पार्सल, 23-26 जनवरी तक बुकिंग रहेगी बंद

गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था देखते हुए रेलवे ने पार्सल बुकिंग 4 दिन के लिए रोक दी है। दिल्ली क्षेत्र की ओर जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग पर चार दिनों के लिए अस्थायी रोक रहेगी। यह प्रतिबंध 23 जनवरी से 26 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। उत्तर-पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- सुरक्षा कारणों से यह एहतियाती कदम उठाया गया है। आदेश के तहत 23 से 26 जनवरी तक दिल्ली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल का लेन-देन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इन स्टेशनों के लिए नहीं होगी बुकिंग
सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार- इस रोक के दायरे में नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली (दिल्ली जंक्शन), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला और आदर्श नगर दिल्ली स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के लिए न तो कोई पार्सल बुक किया जा सकेगा और न ही यहां से भेजा जा सकेगा। लीज्ड कोच और पार्सल गोदाम भी रहेंगे बंद
सीनियर डीसीएम के अनुसार- इस अवधि में पार्सल गोदाम और पैकेजिंग गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। यह प्रतिबंध केवल सामान्य बुकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि ट्रेनों में लीज (ठेके) पर दिए गए एसएलआर, एजीसी और वीपीएस कोचों के जरिए होने वाले पार्सल ट्रैफिक पर भी लागू होगा। यानी कॉमर्शियल तौर पर कोई भी सामान दिल्ली नहीं भेजा जा सकेगा। यह नियम सभी रेल मंडलों से दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों की लोडिंग और अनलोडिंग पर समान रूप से लागू होगा। यात्रियों के सामान और अखबारों को छूट
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अपने साथ व्यक्तिगत सामान ले जाने की अनुमति पहले की तरह रहेगी। इसके अलावा पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की सप्लाई बाधित नहीं होगी। इनकी बुकिंग सभी आवश्यक वाणिज्यिक औपचारिकताओं की पूर्ति के बाद की जा सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *