सरपंच के साथ दिनदहाड़े लूट और मारपीट:कार रोककर जातिसूचक गालियां दीं, सोने की चेन छीनी

शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में सिलरा पंचायत के सरपंच के साथ दिनदहाड़े लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने उनकी कार रोककर हमला किया, जातिसूचक गालियां दीं और सोने की चेन छीन ली। पीड़ित की शिकायत पर करैरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादी संतोष जाटव (32), निवासी बरसौडी, वर्तमान निवासी कामंक्षा देवी मंदिर के पास करैरा, जो ग्राम पंचायत सिलरा के सरपंच हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी 2026 को करीब 11 बजे वे करैरा बाजार से अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कामंक्षा देवी मंदिर के पास मंगल यादव निवासी मोटा, अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन अन्य लोगों के साथ आया। उन्होंने सरपंच की कार के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि चारों आरोपियों ने गाड़ी से उतरते ही संतोष जाटव को जातिसूचक गालियां दीं और “चमड़ा वाला” कहकर कार से जबरन नीचे खींच लिया। एक आरोपी ने कट्टे जैसी वस्तु से सरपंच के सिर के दाहिने हिस्से पर वार किया, जिससे उन्हें चोट आई। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर उनसे मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों के भागते समय मंगल यादव ने सरपंच के गले से करीब दो तौला वजनी सोने की चेन झपट्टा मारकर लूट ली। घटना के समय बाबूलाल जाटव निवासी निचन टोला सिलरा सहित अन्य लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात देखी। पीड़ित सरपंच की शिकायत पर करैरा थाना पुलिस ने लूट, मारपीट, धमकी और जातिसूचक अपमान से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनकी जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *