ब्यावर में अवैध खनन पर SIT की बड़ी कार्रवाई:एक पखवाड़े में 62 लाख से अधिक राजस्व वसूला, 12 FIR दर्ज

ब्यावर जिले में अवैध खनन के खिलाफ गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने एक पखवाड़े में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 62 मामलों में करीब 62 लाख 76 हजार रुपए का राजस्व वसूल किया गया है। साथ ही, अवैध खनन से जुड़े 12 मामलों में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई हैं। माइनिंग विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में अब तक 2804 टन खनिज जब्त किया गया है। विभिन्न विभागों के सहयोग से लगभग 65 मशीनरी और वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें दो फॉकलैंड मशीनों के साथ ट्रैक्टर, डंपर और कंप्रेसर जैसे उपकरण शामिल हैं। माइनिंग विभाग के खनिज अभियंता जगदीश मेहरावत ने बताया कि ब्यावर खनिज अभियंता कार्यालय के तहत कुल 37 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं, सहायक खनिज अभियंता जैतारण कार्यालय में 24 प्रकरण और सहायक खनिज अभियंता कार्यालय भीलवाड़ा (तहसील बदनोर) में एक प्रकरण दर्ज किया गया है। एफआईआर के संबंध में मेहरावत ने जानकारी दी कि कुल 12 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें ब्यावर क्षेत्र में 4, जैतारण क्षेत्र में 7 और बदनोर (भीलवाड़ा के अधीन) में 1 मामला शामिल है। तीनों खनिज अभियंता कार्यालयों की संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली है। माइनिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *