जयपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच विवाद, जेल कर्मियों को आई चोट

जयपुर | सेंट्रल जेल में गुरुवार सुबह बंदियों के बीच झगड़ा हो गया। आपसी विवाद में हुई कहासुनी के बाद दोनों गुटों में धक्का-मुक्की में बदल गई। झगड़ते बंदियों के बीच-बचाव के दौरान दो जेल प्रहरी चोटिल हो गए। लालकोठी थाने में दोनों पक्षों ने क्रॉस शिकायत दर्ज करवाई है। थानाधिकारी प्रकाशचंद विश्नोई ने बताया कि जयपुर सेंट्रल जेल के अंदर सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों के बीच झगड़ा हुआ। जेल में व्यवस्थाओं को संभालने के लिए सजायाफ्ता बंदी जेल प्रहरियों की मदद करते हैं। गुरुवार सुबह बंदियों को बाहर निकालकर गिनती की जा रही थी। इसी दौरान हाथ लगाने की बात को लेकर विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदियों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। वहां मौजूद दो जेल प्रहरियों ने बीच-बचाव किया। दोनों गुटों को अलग करने के दौरान दोनों जेल प्रहरियों को चोटें आईं। दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए लालकोठी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। विचाराधीन बंदी संतोष उर्फ बच्चा नागल ने दंडित बंदी हरिशंकर और विष्णु के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पिछले करीब 15 दिनों से जेल प्रहरियों की मदद के बहाने दंडित बंदी हरिशंकर और विष्णु उसके साथ गलत व्यवहार कर रहे थे। सुबह गिनती के दौरान दंडित बंदी हरिशंकर ने उसे गेट से बाहर निकालकर धक्का दिया, जिसको लेकर कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। वहीं, सजायाफ्ता बंदी हरिशंकर, रोहित और परमानंद की ओर से विचाराधीन बंदी संतोष, महमूद, राजेश और राकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *