जालंधर| बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का जन्मदिन पंजाब में जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया गया। जालंधर के अलावलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सभा में बसपा के सेंट्रल कोऑर्डिनेटर रणधीर सिंह बैनीवाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने संकल्प लिया कि 2027 में बसपा की सरकार बनाकर पंजाब को बदहाली से उबारा जाएगा। बैनीवाल ने वर्तमान सरकार को कानून-व्यवस्था, नशाखोरी और बेरोजगारी के मुद्दे पर विफल बताया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों को मजदूर विरोधी करार देते हुए मनरेगा दिहाड़ी 700 रुपए करने और साल में 300 दिन रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले 78 वर्षों में कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा और अब आप ने राज्य को बर्बाद किया है। पार्टी ने पंजाब संभालो अभियान के जरिए लोगों से एकजुट होने की अपील की। कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय कई दिग्गज नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


