जालंधर-नकोदर हाईवे पर दो हादसों में एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर-नकोदर हाईवे पर वीरवार रात धुंध में हुए दो हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हुए हैं। लांबड़ा के पास हुए हादसे में अज्ञात वाहन ने 25 साल के रोहित, निवासी भगवानपुर को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित की एक टांग उसके शरीर से कटकर अलग हो गई। हादसा धुंध के कारण हुआ बताया जा रहा है। एक ऑटो चालक ने लहूलुहान हालत में रोहित को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया गया। रोहित के परिजनों ने बताया कि वह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। कुछ ही देर बाद उन्हें अस्पताल से फोन आया कि रोहित का एक्सीडेंट हो गया है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो रोहित की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, दूसरा हादसा गांव कंग साबू के पास रात करीब 9:13 बजे हुआ। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने इलेक्ट्रिक ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर कई बार पलटा, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में ऑटो चालक गुरमेल सिंह, निवासी गुरु नानक कॉलोनी और यात्री गुरदारी लाल घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी ऑफिसर एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *