भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना कंटोनमेंट के अधीन आती पुलिस चौकी रानी का बाग की टीम ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए सर्विलांस कैमरों की बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी करने और चोरी का माल खरीदने वाले कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 बैटरियां और चोरी में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की है। थाना कंटोनमेंट प्रभारी जतिंदर सिंह ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड मुंबई की ओर से केस दर्ज करवाया गया कि थाना कैंटोनमेंट क्षेत्र के लोकेशन नंबर 149 और 150 पर लगे सर्विलांस कैमरों से बैटरियां चोरी हो चुकी हैं। मामला दर्ज करने के बाद जांच के दौरान 11 जनवरी 2026 को पुलिस ने सतनाम सिंह उर्फ मित्तू निवासी गांव घन्नूपुर काले थाना छेहर्टा और कश्मीर सिंह उर्फ जाजू निवासी मिलाप एवेन्यू शेर शाह सूरी रोड थाना छेहर्टा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो (पीबी02-सीसी-5885) बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई बैटरियां उन्होंने अमरीक सिंह निवासी गली थाने वाली जापानी मिल छेहर्टा तथा चंद्र प्रकाश उर्फ मोनू निवासी राम नगर कॉलोनी इस्लामाबाद को बेची थीं। इसके बाद पुलिस ने अमरीक और चंद्र प्रकाश को काबू किया।


