भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में वीरवार को कोल्ड वेव ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी। चाहे दोपहर 12 बजे हल्की धूप निकली मगर शीतलहर का असर बरकरार रहा। वीरवार को अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रहा। सुबह के समय घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रही जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंडी हवाओं के कारण लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, जबकि खुले इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। रेलवे और सड़क यातायात पर भी कोहरे का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। 16 जनवरी को भी बहुत घने कोहरे का अनुमान है, जबकि 17 से 19 जनवरी तक घना कोहरा बने रहने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान सुबह और देर शाम दृश्यता कम रह सकती है। हालांकि 20 जनवरी के बाद मौसम में हल्का बदलाव आने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।


