भास्कर संवाददाता | भैरूंदा राय साहब भंवर सिंह महाविद्यालय के मानविकी विभाग ने आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। प्रोजेक्ट पवित्रा नाम से यह कार्यशाला 7 से 9 जनवरी 2026 तक चली। इसका उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यशाला में आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षिका मनीषा सोनी ने योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से मासिक धर्म के दौरान होने वाली शारीरिक और मानसिक असुविधाओं को कम करने के उपाय बताए। उन्होंने स्वच्छता संबंधी सावधानियों, स्वस्थ जीवनशैली और सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान पर भी जानकारी दी। नियमित रूप से आयोजित किए जाएं कार्यक्रम महाविद्यालय के संचालक डॉ. नरेंद्र सिंह भाटी ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए। इससे छात्राओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। इस आयोजन में सहायक प्राध्यापिकाएं प्रीति कीर, प्रीति अग्रवाल, विभा जैन, आरती माहेश्वरी, डॉ. पायल शर्मा, प्रियंका वरदे, रीना केवट और रामेश्वरी नागर का सहयोग रहा।


