भास्कर संवाददाता| विदिशा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, व्हॉलीबॉल, शतरंज, कैरम और खो-खो जैसे खेल शामिल रहे। छात्र-छात्राओं के साथ फैकल्टी सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन डीन डॉ. मनीष निगम और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश लाघवे के नेतृत्व में हुआ। क्रिकेट में फैकल्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों की क्रिकेट सीरीज का खिताब 2021 बैच ने जीता। बैडमिंटन में डीन डॉ. मनीष निगम और डॉ. खुशाल राव की जोड़ी ने फैकल्टी वर्ग का टूर्नामेंट अपने नाम किया। छात्र वर्ग में तनिष्क जायसवाल, अविराज, श्रद्धा और अदिति ओझा विजेता रहे। मैदानी खेलों में 2022 बैच का दबदबा रहा। व्हॉलीबॉल और खो-खो दोनों प्रतियोगिताओं में 2022 बैच ने जीत दर्ज की। टीम भावना और जोश के साथ खेलते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खेल उत्सव में एथलेटिक्स स्पर्धाएं भी हुईं। इनका उद्देश्य स्वास्थ्य और शारीरिक शक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।


