हीरापुरा बस स्टैंड से शुक्रवार से अजमेर और खाटूश्यामजी जाने वाली बसों का संचालन होगा। बसों के संचालन की तैयारियों को लेकर परिवहन सचिव शुचि त्यागी और रोडवेज एमडी पुरुषोत्तम शर्मा ने निरीक्षण किया। यहां से पहले फेज में अजमेर रूट की रोडवेज की 133 और खाटूश्यामजी की 76 निजी बसों का संचालन शुरू होगा। बसें शुक्रवार सुबह 7 बजे से यात्रियों को मिलना शुरू होंगी। हर बस से अड्डा फीस के रूप में 50 रुपए लिए जाएंगे। पर्किंग शुल्क 200 रुपए प्रति घंटे होगा। जेडीए ने बस स्टैंड पर मूलभूत सुविधाएं विकसित की है। साथ ही सुरक्षा के लिए 30 होमगार्ड लगाए गए। वहीं, संचालन के लिए रोडवेज के करीब डेढ़ दर्जन अधिकारी-कर्मचारी लगाए हैं। परिवहन विभाग ने 2 अक्टूबर 2023, 15 अगस्त 2024 और फिर 1 अगस्त 2025 से यहां से बसें शुरू करने की तारीख तय की थी। लेकिन संचालन नहीं हो पाया। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने महज डेढ़ माह में हीरापुरा बस स्टैंड से बसों के संचालन के लिए 16 जनवरी की तारीख तय की थी। वर्ल्ड क्लास बस टर्मिनल बनना था, सिंधी कैंप जैसा भी नहीं बना हीरापुरा बस स्टैंड सिंधीकैंप स्टैंड से बड़ा बनना था। यात्रियों के ठहरने के लिए होटल, शॉपिंग मॉल्स, सिनेमाघर, टैक्सी स्टैंड और बुक स्टॉल सहित सभी सुविधाएं विकसित करनी थी। इसके शुरू होने के बाद सिंधी कैंप बस स्टैंड से इंटरसिटी बसों का संचालन किया जाना है। लेकिन वर्ल्ड क्लास सिटी का सपना देख रही कांग्रेस और बीजेपी 10 साल में राजधानी में वर्ल्ड क्लास सब स्टैंड तक डवलप नहीं कर पाई है। जेडीए ने 11 साल पहले हीरापुरा में 54270 वर्गमीटर जमीन आवंटित की थी। यात्रियों के बैठने के लिए एसी हॉल भी नहीं है।


