विदिशा| शहर के प्रमुख और व्यस्ततम सावरकर बाल विहार चौराहे पर पिछले कई महीनों से नाले का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह चौराहा मेन मार्केट एरिया में स्थित होने के कारण दिनभर यहां वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन अधूरा नाला आवागमन में बड़ी बाधा बन गया है। लोगों का कहना है कि नाले का काम शुरू तो कर दिया गया, लेकिन उसे समय पर पूरा नहीं किया गया। नतीजतन सड़क का एक बड़ा हिस्सा खुला पड़ा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बारिश के दिनों में यहां पानी भर जाता है, जिससे स्थिति और भी भयावह हो जाती है। दोपहिया वाहन चालक फिसलने का शिकार हो रहे हैं, वहीं बुजुर्गों और बच्चों को निकलने में विशेष दिक्कत हो रही है।व्यापारियों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


