जालंधर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा आज:NIT के 21वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को करेंगी सम्मानित

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पंजाब के जालंधर दौरे पर है। इस दौरान वह डॉ. बीआर आम्बेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT के 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल संस्थान बल्कि पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों को मिलेगा राष्ट्रपति से सम्मान NIT जालंधर के इस ऐतिहासिक समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। जानकारी के अनुसार, कुल 1,452 विद्यार्थियों को स्नातक (B.Tech), स्नातकोत्तर (M.Tech, MBA, M.Sc) और PhD की डिग्रियां सौंपी जाएंगी। इसके अलावा, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 31 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा। शहर बना ‘नो फ्लाइंग जोन’ राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा घेरे तैयार किए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जालंधर को 14 से 16 जनवरी तक ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। इस दौरान जिले की सीमा में ड्रोन, रिमोट से चलने वाले एयरक्राफ्ट, निजी हेलिकॉप्टर और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समारोह के सफल आयोजन के लिए परिसर में सुरक्षा एजेंसियों ने डेरा डाल दिया है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है ताकि आम जनता को असुविधा न हो। NIT प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति का आगमन संस्थान के लिए प्रेरणादायक होगा, जो तकनीकी शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को और मजबूती प्रदान करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *