नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत भावण्डा और मूण्डवा पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भावण्डा: एमडीएमए के साथ युवक गिरफ्तार भावण्डा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने खोड़वा से बैरावास जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर रघुवीर (19) निवासी बैरावास को दबोचा। आरोपी के कब्जे से 07.40 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की एक बजाज मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मूण्डवा: एमडी खरीदने वाले चार आरोपी धरे गए मूण्डवा थाना पुलिस ने कुचेरा थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूर्व में पकड़े गए आरोपी रामप्रसाद से एमडी (नशीला पदार्थ) खरीदने के मामले में चार खरीदारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम (22), मुखत्यार (27), सुमेर (27) और सुरेश (36) के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि 11 जनवरी 2026 को पुलिस ने रामप्रसाद के पास से 11.02 ग्राम एमडीएमए बरामद की थी, जिससे पूछताछ के बाद इन खरीदारों के नाम सामने आए थे। गौरतलब है कि नागौर जिले में MDMA जैसे घातक नशे का शिकार युवा हो रहे हैं और उसमें भी ग्रामीण परिवेश के युवा सबसे ज्यादा शामिल हैं। तस्करों का सबसे सॉफ्ट टारगेट ग्रामीण क्षेत्र के युवा कैसे बनते हैं यह एक बहुत बड़ा सवाल है। हालांकि नागौर पुलिस अधीक्षक ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया है लेकिन सवाल यह भी है कि युवा इस घातक नशे के आदि हो क्यों रहे हैं और इसके पीछे कौन है।


