गुना शहर में गुरुवार शाम एक नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने अंबेडकर चौराहे से हनुमान चौराहे तक जमकर उत्पात मचाया। दो खंभा बायपास से शहर में दाखिल हुए इस ट्राले ने रास्ते में एक बैल को टक्कर मार दी और रोकने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर उसे हनुमान चौराहे पर दबोच लिया। हिरासत में लेने पर ड्राइवर पुलिस को धौंस देते हुए बोला कि यह गाड़ी अखिलेश यादव की है और वे खुद छुड़ाने आएंगे। जानकारी के अनुसार, ट्राला गुरुवार शाम दो खंभा बायपास से शहर में घुसा और लहराते हुए चलने लगा। नानाखेड़ी पहुंचते-पहुंचते लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिसकर्मी ने सामने आकर वाहन रोकना चाहा तो ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिसकर्मी ने साइड में कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद डायल 112 के ड्राइवर और आरक्षक विनोद धाकड़ ने उसका पीछा किया। बैल को मारी टक्कर, हनुमान चौराहे पर रोका भागने के दौरान ट्राले ने टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक बैल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए हनुमान चौराहे पर अपनी गाड़ी आगे लगाकर ट्राले को रोका और ड्राइवर को नीचे उतारा। बोला- मुझे लगता है मैं यूपी में हूं ड्राइवर नशे में इतना धुत था कि उसे लग रहा था वह उत्तर प्रदेश में है। पकड़े जाने के बाद भी वह लगातार पुलिस से अभद्रता करता रहा। उसने रौब दिखाते हुए कहा कि “गाड़ी सैफई, मैनपुरी के अखिलेश यादव की है और उसे छुड़ाने अखिलेश यादव स्वयं आ रहे हैं।” वह पुलिस से गाली-गलौज करते हुए कहता रहा कि ‘चाबी ले लो और मुझे जहां ले चलना है ले चलो।’ पुलिस ने ट्राले को थाने में खड़ा करवाकर ड्राइवर का मेडिकल कराया है।


