चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक ने रेलवे ट्रैक के पास पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर राजकीय जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान जालौर जिले के आहोर निवासी 30 वर्षीय श्रवण लुहार के रूप में हुई है। कांग्रेस युवा नेता रामवीर सिंह रायका ने बताया कि श्रवण करीब डेढ़ से दो माह पहले अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल आया हुआ था। वे संगम चौराहा स्थित झुग्गियों में रहते थे और फेरी लगाकर जीवन यापन करते थे। श्रवण ने गुरुवार शाम बीकानेर जाने वाली रेल पटरियों के पास एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर रतनगढ़ थाना के एसआई गिरधारीलाल मय जाप्ता मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। शुक्रवार को परिजनों के आने के बाद ही रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू होगी।


