कोटा ग्रामीण के मोडक क्षेत्र में 23 से 25 जनवरी तक आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री महाराज की कथा आयोजित होगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। इन तीन दिनों तक यात्री बसों को छोड़कर भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि कोटा ग्रामीण के रामगंजमंडी थाना मोडक क्षेत्र में 23 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री महाराज के कथा वाचन का आयोजन प्रस्तावित है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए तीन दिनों तक भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है। यह डायवर्जन यात्री बसों के अलावा अन्य सभी भारी वाहनों पर लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार एनएच-27 फोर लेन पुलिया अनंतपुरा पर जयपुर और चित्तौड़गढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दर्रा होते हुए 8 लेन और झालावाड़ की बजाय बारां-खानपुर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं मध्यप्रदेश से कोटा की ओर आने वाले भारी वाहनों को तीनधार पुलिया, पीपलिया चौराहा, लेदी चौराहा और मामा-भांजा चौराहा से खानपुर-बारां की ओर मोड़ा जाएगा। कोटा ग्रामीण क्षेत्र में मोरूकला तिराहा, आजादपुरा तिराहा, सांगोद चौराहा, गोपालपुरा 8 लेन, आवां तिराहा और कराडिया इंटरचेंज जैसे प्रमुख बिंदुओं पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। कथा स्थल की ओर केवल श्रद्धालुओं के वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी, अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। पुलिस एसपी ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का पालन कर सहयोग करें। यह आदेश 25 जनवरी 2026 तक ही प्रभावी रहेगा, इसके बाद यातायात पहले की तरह सुचारु कर दिया जाएगा।


