हजारीबाग में SI ‎को बाइक ने मारी टक्कर, मौत‎:बस से जाने के लिए सड़क किनारे खड़े थे, हादसे में बाइक सवार 3 लोग घायल

हजारीबाग में गुरुवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में JAP-7 के सब इंस्पेक्टर अनिल पासवान की मृत्यु हो गई। इस हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक सब इंस्पेक्टर अनिल पासवान चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा चेक पोस्ट पर तैनात थे। वे गुरुवार को JAP-7 मुख्यालय हजारीबाग में आयोजित पुलिस सभा की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक के बाद वे अपने कार्यस्थल चोरदाहा, चौपारण लौट रहे थे। पदमा गेट के पास वे बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। तभी बरही की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। बुलेट पर सवार तीनों युवक भी इस दुर्घटना में घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, सब इंस्पेक्टर अनिल पासवान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। JAP-7 के कमांडेंट अविनाश कुमार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस सभा से लौट रहे एक अनुभवी अधिकारी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है। कमांडेंट के अनुसार, बुलेट पर सवार तीनों घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य सामान्य रूप से घायल हैं। सभी का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। मृतक सब इंस्पेक्टर अनिल पासवान की आयु लगभग 58 वर्ष थी। वे मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज के निवासी थे। पुलिस ने घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *