जैसलमेर में मौसम का यू-टर्न, 8 डिग्री चढ़ा पारा:दोपहर में चुभने लगी धूप, नाचना में फसलों पर जमी ओस; किसान चिंतित

स्वर्ण नगरी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। पिछले दो दिनों से कड़ाके की ठंड और गलन भरी शीतलहर का प्रभाव पूरी तरह खत्म हो गया है और तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 48 घंटों में दिन के पारे में करीब 8 डिग्री सेल्सियस और रात के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने जहां आमजन को कंपकंपी से राहत दी है, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी चार दिनों तक जैसलमेर का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने के कारण तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। आने वाले सप्ताह में ठंड का असर और भी कम हो जाएगा और जैसलमेर समय से पहले बसंत और हल्की गर्मी की ओर बढ़ सकता है। सामान्य से 4 डिग्री ऊपर पहुंचा तापमान मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहकर 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान साफ होने के कारण सुबह 11 बजे के बाद ही धूप के तेवर तीखे होने लगते हैं, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। हालांकि, रात के समय अभी भी हल्की गुलाबी ठंड बरकरार है, लेकिन वह पहले जैसी जानलेवा नहीं रही। फसलों पर ओस का हमला, सरसों और चने को खतरा तापमान में बढ़ोतरी और हवाओं के रुख में बदलाव का असर ग्रामीण इलाकों में दिखने लगा है। जैसलमेर के नाचना क्षेत्र में खेतों में खड़ी फसलों पर ओस की भारी बूंदें जमा होने लगी हैं। सरसों, गेहूं और चने की फसलों पर ओस की पतली सफेद परत दिखाई दे रही है। सरसों की फसल इस समय फूल और फलियों के चरण में है, ऐसे में ओस जमने से दाने खराब होने और फूल झड़ने की आशंका है। कृषि वैज्ञानिकों की सलाह: धुआं और सिंचाई का सहारा लें कृषि विशेषज्ञों ने इस स्थिति को फसलों के लिए चुनौतीपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि तापमान के इस उतार-चढ़ाव से कीटों का हमला भी बढ़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे पाले और ओस के असर को कम करने के लिए खेतों की मेड़ पर शाम के समय कचरा जलाकर धुआं करें। इसके अलावा, हल्की सिंचाई करने से मिट्टी का तापमान बना रहता है और फसल सुरक्षित रहती है। आगामी अनुमान: अभी और बढ़ेगी गर्मी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी चार दिनों तक जैसलमेर का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने के कारण तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। आने वाले सप्ताह में ठंड का असर और भी कम हो जाएगा और जैसलमेर समय से पहले बसंत और हल्की गर्मी की ओर बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *