सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में तियरा गांव के पास गुरुवार देर रात सड़क हादसा हुआ। हाईवा वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के सूरजपुर निवासी अशोक साकेत के रूप में हुई है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, युवक छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से अपने रिश्तेदारों से मिलने आ रहे थे। तियरा गांव के पास उनकी बाइक की तेज रफ्तार हाईवा वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने फरार हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन बैढ़न ट्रामा सेंटर पहुंच गए और देर रात तक वहां मौजूद रहे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा डंपर चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


