सीहोर जिले में गुरुवार सुबह फिर कड़ाके की ठंड का असर दिखाई दिया है। न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कल के 10 डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री कम है। तापमान में इस गिरावट के साथ ही सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। मौसमी बीमारियों से बचने के लिए डॉक्टरों ने दी सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर दिशा से आ रही ठंडी और बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में यह गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने संभावित शीत लहर और बीमारियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने शीतलहर से बचाव के लिए सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े पहनें और स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर ध्यान दें। डॉ. डेहरिया ने बताया कि शीतलहर के दौरान फ्लू, खांसी, सर्दी और जुकाम जैसी बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं या चिकित्सक से संपर्क कर उपचार कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि शरीर का तापमान सामान्य से कम हो जाए, न रुकने वाली कपकपी हो, याददाश्त चली जाए, बेहोशी या मूर्छा की अवस्था हो, या जुबान लडख़ड़ाए, तो तुरंत उचित इलाज किया जाना चाहिए। गर्म कपड़े जैसे दस्ताने, टोपी, मफलर और जूते पहनें। डॉ. डेहरिया ने सलाह दी कि शीतलहर के समय चुस्त कपड़े न पहनें, क्योंकि ये रक्त संचार को कम करते हैं। इसके बजाय, हल्के ढीले-ढाले सूती कपड़े बाहर की तरफ और ऊनी कपड़े अंदर की ओर पहनें। जितना संभव हो सके घर के अंदर ही रहें और केवल अति आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें।


