मऊगंज जिले में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। यह कदम पुलिस रेगुलेशन एक्ट के प्रावधानों के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। पुलिस अधीक्षक की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, थाना मऊगंज में दर्ज एक आपराधिक प्रकरण में विनय सिंह उर्फ रिंकू सिंह (35) और सूर्यप्रकाश सिंह (33) लंबे समय से फरार हैं। ये दोनों बहेरा डाबर के निवासी हैं और दिवाकर सिंह के बेटे हैं। इनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों की जानकारी देने वालों को मिलेगा इनाम इसके अलावा, थाना लौर में दर्ज एक अन्य मामले में आरोपी आशुतोष तिवारी उर्फ छोटू तिवारी, जो ग्राम पन्नी निवासी राजेश तिवारी का बेटा है, उसकी गिरफ्तारी पर भी पांच हजार रुपए का इनाम रखा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों को गिरफ्तार कराने या उनकी गिरफ्तारी से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को यह इनाम राशि प्रदान की जाएगी। इनाम से संबंधित अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक का ही मान्य होगा।


