सराफा दुकान से नगद व जेवरात चोरी:छपारा में अज्ञात चोरों ने वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी में कैद

सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग स्थित लोधी वार्ड में एक सराफा दुकान में देर रात्रि के समय चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने अशोक ज्वैलर्स से लगभग 3 ग्राम सोना, 200 ग्राम चांदी के सिक्के और 21 हजार रुपये नकद चुरा लिए। यह घटना दरमियानी रात को अंजाम दी गई। दुकान संचालक अमित चौरसिया ने बताया कि सुबह उनके कर्मचारी भोजराज शिववादी ने दुकान का शटर टूटा हुआ और अंदर सामान बिखरा पाया। इसकी सूचना तत्काल मालिक को दी गई, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने दुकान की तिजोरी तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक नकाबपोश संदिग्ध चोरी करते हुए दिखाई दिया है। हालांकि, कुछ कैमरों के उपकरण क्षतिग्रस्त होने से फुटेज की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार ने बताया कि सराफा दुकान में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इसी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर स्थित आधा दर्जन से अधिक दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनमें पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *