कोटा में साइबर सुरक्षा की पाठशाला:साइबर अवेयरनेस में 60 होनहार छात्र पुलिस एसपी द्वारा सम्मानित

कोटा शहर में साइबर अपराध की रोकथाम और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर पुलिस और लायंस क्लब कोटा नॉर्थ चैरिटेबल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइबर जागरूकता प्रतियोगिता के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह पुलिस एसपी कार्यालय कोटा शहर में आयोजित हुआ, जहां बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। लायंस क्लब कोटा नॉर्थ चैरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष व मनोवैज्ञानिक वरुण रस्सेवट ने बताया कि साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करना बेहद आवश्यक है। प्रतियोगिता में महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम मल्टीपर्पस गुमानपुरा, मेरी चिल्ड्रन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुंदर नगर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लैंडमार्क सिटी कुन्हाड़ी तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरखेड़ा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। शहर पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लालच, अनजान लिंक और संदिग्ध कॉल से दूर रहने की सलाह दी तथा सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी और चंचल मिश्रा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान साइबर पुलिस थाना कोटा शहर के सीआई सतीश चौधरी, एसआई सियाराम सहित लायंस क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बच्चों ने साइबर पुलिस थाने का भ्रमण कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *