दतिया में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस का धरना:पुरानी कचहरी पर जुटे; बोले- डकैती-लूट और रेत उत्खनन बढ़ा, पुलिस का खौफ खत्म

दतिया जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुरानी कचहरी के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक (SP) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस का आरोप है कि जिले में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। ‘अपराधी बेखौफ, दिनदहाड़े कर रहे वारदात’ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक दांगी ने कहा कि जिले में हाल के दिनों में हत्या, मारपीट, लूट, चोरी, जुआ-सट्टा, अवैध रेत उत्खनन और मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़ और छीना-झपटी की घटनाओं ने आम लोगों में डर का माहौल बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, इसी वजह से जिले की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। जुआ-सट्टा और रेत खनन पर रोक की मांग ज्ञापन के जरिए कांग्रेस ने हत्याओं और गुंडागर्दी पर सख्ती, डकैती-लूट पर प्रभावी कार्रवाई, जुआ-सट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर कड़ी कार्रवाई और अवैध रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बड़े आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला कांग्रेस के बैनर तले बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेता भी शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *