सीधी के टिकरी टोल प्लाजा पर मैनेजर से मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। घटना गुरुवार शाम 7 बजे मड़वास थाना क्षेत्र की टिकरी चौकी के अंतर्गत हुई। पुलिस ने इस मामले में अनूप मिश्रा सहित दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पर दो दोस्तों के साथ मारपीट का आरोप जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के तहत संचालित टिकरी टोल प्लाजा का टेंडर बालाजी कंपनी के पास है। इसी टोल प्लाजा में मैनेजर जीवन रथ कार्यरत हैं। आरोप है कि अनूप मिश्रा नामक व्यक्ति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मैनेजर जीवन रथ के साथ मारपीट की। यह घटना टोल प्लाजा परिसर में हुई। टोल भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद टोल भुगतान को लेकर शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मैनेजर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की जा रही है, जबकि अन्य कर्मचारी बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं। इस घटना से टोल प्लाजा कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें एक नामजद आरोपी अनूप मिश्रा है, जबकि दूसरा आरोपी ‘अन्य’ के रूप में दर्ज किया गया है। टिकरी चेक पोस्ट प्रभारी, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि मारपीट हुई है और आरोपियों के खिलाफ विधिवत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


