नरसिंहगढ़ में रेड क्रॉस ने लगाया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर:180 मरीजों की जांच, 45 का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन

राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने एक निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया। शासकीय मेहताब अस्पताल में आयोजित यह शिविर राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने आंखों की जांच कराई। शिविर में आनंदपुर सतगुरु सेवा ट्रस्ट के नेत्र विशेषज्ञों ने कुल 180 मरीजों की आंखों की जांच की। इनमें से 45 मरीजों को मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। शेष मरीजों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि न्यायाधीश राजीव भारद्वाज ने इस अवसर पर कहा कि मोबाइल और स्क्रीन टाइम के बढ़ते उपयोग के कारण आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने और समय पर उपचार लेने की सलाह दी। विशेष अतिथि एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने रेड क्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। जिला सचिव संजय शेखर शर्मा ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को जांच के साथ-साथ निशुल्क भोजन और वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस शिविर के आयोजन में सेवा भारती और भारतीय मजदूर संघ ने सहयोग किया। चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और रेड क्रॉस स्वयंसेवकों का योगदान कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *