बुरहानपुर में शनवारा-लालबाग स्टेशन रोड निर्माण काम आज से शुरू:16.82 करोड़ की सड़क, व्हाइट टॉपिंग से बनेगी शहर की जीवनरेखा

बुरहानपुर में शनवारा से लालबाग रेलवे स्टेशन तक 16.82 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुक्रवार को अनौपचारिक रूप से शुरू हो गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य का शुभारंभ कराया। विधायक चिटनिस ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात की, जिन्होंने कार्य की आवश्यकता को देखते हुए इसे तत्काल शुरू करने की अनुमति दी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान इस मार्ग का विधिवत भूमिपूजन किया जाएगा। व्हाइट टॉपिंग तकनीक से बनाई जाएगी
यह सड़क शनवारा-सिंधीबस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक व्हाइट टॉपिंग तकनीक से बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सांसद व विधायक के आग्रह पर इस परियोजना को स्वीकृति दी थी। राज्य सरकार द्वारा कुछ दिन पहले ही वर्क ऑर्डर जारी किए गए थे। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस मार्ग को बुरहानपुर शहर की जीवन रेखा बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जो लालबाग रेलवे स्टेशन, उपनगर लालबाग, सिंधी बस्ती, शनवारा, लक्ष्मी नगर, इंदिरा कॉलोनी और आदर्श कॉलोनी सहित कई आवासीय क्षेत्रों को जोड़ता है। लोक निर्माण विभाग के तहत बनने वाली यह सड़क लगभग 4 किलोमीटर लंबी होगी। इसमें दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी लेन का निर्माण किया जाएगा और सड़क के मध्य स्थित डिवाइडर को भी सुव्यवस्थित रूप से विकसित किया जाएगा ताकि यातायात सुचारू रहे। लालबाग स्टेशन रोड शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है और नागरिक लंबे समय से इसके जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। अफसरों को गुणवत्ता के साथ काम की ताकीद
निर्माण कार्य प्रारंभ अवसर पर विधायक अर्चना चिटनिस खुद क्षेत्रवासियों के साथ मौके पर उपस्थित रहीं और लोक निर्माण विभाग, निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को शीघ्र सुरक्षित, सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। चिटनिस ने बताया कि यह मार्ग बुरहानपुर शहर की जीवनरेखा के समान है। मांग और समस्या की गंभीरता को देखते हुए अर्चना चिटनिस ने प्राथमिकता के आधार पर इस साइड से निर्माण कार्य शुरू करवाया है, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। उल्लेखनीय है कि इस बहुप्रतीक्षित शनवारा, लालबाग मार्ग निर्माण की स्वीकृति और कार्य प्रारंभ कराने के लिए अर्चना चिटनिस ने लगातार शासन-प्रशासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित संबंधित उच्चाधिकारियों से निरंतर संवाद, प्रस्ताव तैयार कराना और स्वीकृति दिलाना उनके सतत प्रयासों का परिणाम है, जिससे आज बुरहानपुर नगर को यह बड़ी विकास सौगात प्राप्त हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *