दतिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 जनवरी को हुए सुरेंद्र यादव हत्याकांड को लेकर एक बार फिर जिले में आक्रोश का माहौल है। मामले के नामजद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे क्षेत्र में नई वारदात की आशंका बढ़ गई है। इसी को लेकर पीड़ित पक्ष ने सर्वसमाज के लोगों के साथ मिलकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार शिवहरे को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हत्याकांड के आरोपी न केवल फरार हैं, बल्कि क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास भी कर रहे हैं। ज्ञापन में दिनेश गिरी को आदतन अपराधी बताया गया है, जिसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी अवैध हथियार उपलब्ध कराता था आरोप है कि दिनेश गिरी और विकास गिरी नाबालिग बच्चों को नशा और अवैध हथियार उपलब्ध कराकर एक संगठित गिरोह का संचालन कर रहे हैं। बताया गया कि सोशल मीडिया पर गिरोह के नाम से हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर आम लोगों को डराया जा रहा है। विरोध करने वालों को धमकाने के लिए नाबालिगों से फायरिंग कराए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन में पीड़ितों ने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई, इनाम घोषित करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने पीड़ित पक्ष को आश्वासन दिया है कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।


