रायसेन जिले के सलामतपुर अंतर्गत मेढकी चौराहे पर शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दो युवक, एक युवती और एक बुजुर्ग सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्याण सिंह अपनी बाइक से आ रहे थे, जिससे सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर हेमंत, सविता और नंदकिशोर सवार थे, जबकि कल्याण सिंह अपनी बाइक पर अकेले थे। आसपास के लोगों ने पुलिस को दी सूचना
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में बुजुर्ग कल्याण सिंह का जबड़ा टूट गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। सड़क किनारे लगा एक पेड़ भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। 108 एंबुलेंस के पायलट देव कलावत और ईएमटी बृजेंद्र ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें सांची अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी घायलों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।


