जालोर-सिरोही में ‘विजन राजस्थान 2026’ प्रदर्शनी:सांसद लुम्बाराम चौधरी ने तैयारियों का लिया जायजा

केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जालोर-सिरोही में ‘विजन राजस्थान 2026’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 19 से 21 जनवरी तक दशहरा मैदान में लगेगी। जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने दिल्ली से आई टीम को तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश के विकासशील विजन को समर्पित यह प्रदर्शनी नवाचार, तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों से आमजन को जोड़ने का प्रयास करेगी। सांसद चौधरी ने बताया कि यह राजस्थान राज्य की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य सिरोही जिले की अपार संभावनाओं को विकास, जन-जागरूकता और नवाचार के सशक्त केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना है। यह आयोजन राज्य के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में नई ऊर्जा का संचार करेगा तथा निवेश, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। प्रदर्शनी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्त बैंकिंग एवं बीमा, साइबर सुरक्षा, रक्षा अनुसंधान, स्वास्थ्य एवं कल्याण, कृषि एवं बागवानी, हथकरघा एवं हस्तशिल्प, अंतरिक्ष विज्ञान एवं परमाणु ऊर्जा, वाणिज्य एवं व्यापार, अनुसंधान एवं विकास, कौशल विकास, आवास और शहरी विकास, उपभोक्ता जागरूकता, कृषि एवं पशुपालन, इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं औद्योगिक विकास जैसे विषय केंद्र बिंदु रहेंगे। इसी कार्यक्रम के तहत, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शनिवार सुबह 7 बजे एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन दशहरा मैदान से शुरू होकर अहिंसा सर्कल, पैलेस रोड, राठौर लाइन, सरजावाव दरवाजा, बस स्टैंड, जेल चौराहा से होते हुए वापस दशहरा मैदान में समाप्त होगी। इस कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *