लुधियाना में नशे की ओवरडोज से मौत का मामला:एक आरोपी गिरफ्तार, महिला तस्कर फरार, तलाश जारी

लुधियाना में जगराओं कस्बे के सिधवां बेट क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में नामजद एक महिला तस्कर अपने घर को ताला लगाकर फरार हो गई है। पुलिस फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सिधवां बेट के गांव शेरेवाल निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ मनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिधवां बेट के जांच अधिकारी राजविंदरपाल सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव मलसिया बाझन के पास नहर किनारे झाड़ियों से गांव शेरेवाल निवासी जसवीर सिंह का शव बरामद हुआ था। मृतक के चचेरे भाई परमजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके भाई को नशीली वस्तु खिलाकर या पिलाकर मौत के घाट उतारा गया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक महिला तस्कर सहित दो आरोपियों के खिलाफ थाना सिधवां बेट में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। महिला आरोपी फोन बंद करके फरार पुलिस के अनुसार, फरार महिला आरोपी कुलविंदर कौर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है और घर पर ताला लगाकर भाग गई है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। महिला का पति पहले हो चुका है गिरफ्तार यह भी सामने आया है कि इसी महिला के पति जसवीर सिंह उर्फ रोली को चौकी गिद्दड़विड्डी पुलिस ने 9 जनवरी को 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पति के जेल जाने के बावजूद महिला ने कथित तौर पर नशे के इस अवैध कारोबार को जारी रखा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *