नीमराना में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नगर कांग्रेस ने शुक्रवार को तहसीलदार और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यह ज्ञापन तहसीलदार विक्रम सिंह और उपखंड अधिकारी महेंद्र यादव को दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और इलेक्टोरल मैनुअल 2023 के नियमों का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में फॉर्म-6, 7 और 8 थोक में जमा किए गए हैं। नियमों के अनुसार, व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही आवेदन प्रस्तुत कर सकता है, और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी सीमित संख्या में आवेदन जमा करने की अनुमति है। बड़ी संख्या में एक साथ फॉर्म जमा करवाए गए नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी ने बताया कि जानकारी के अनुसार, एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म-7 और फॉर्म-6 जमा किए गए हैं। यह स्पष्ट रूप से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। कांग्रेस ने मांग की है कि ऐसे सभी नियमविरुद्ध आवेदनों पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। इसके साथ ही, नियमों के विपरीत आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जमा किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की संकलित सूची नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी, उपाध्यक्ष संजय कुमार यादव, महावीर प्रसाद चर्खिया, अशोक दौराता, सचिव संजय यादव, श्योचंद उर्फ भरतरी, कृष्ण प्रजापति, सुरेंद्र सेन, पर्यावरणविद् भूपेंद्र चौहान, भीम सिंह सोनी, दीपक पटेल, विनय शर्मा, धर्मवीर रेवाड़िया और संजय सैनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


