पाली में निकाय-पंचायत चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी आप:जिलाध्यक्ष जैतावत- बोले तीसरे मोर्चा के रूप में आप पार्टी विकल्प बन उतरेगी मैदान में

पाली के सूरजपोल स्थित नाकोड़ा फूड विला में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की ओर से प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें पार्टी के जिलाध्यक्ष नरपतसिंह जैतावत ने बताया कि पाली जिले में आज से ही पंचायत और वार्ड स्तर पर जनसंवाद अभियान की शुरुआत कर दी गई है। जैतावत ने बताया कि आम आदमी पार्टी आने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों में भाग लेगी और प्रत्येक पंचायत व वार्ड में अपने उम्मीदवार उतारेगी। जैतावत ने बताया कि संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 31 जनवरी तक प्रत्येक पंचायत मुख्यालय और नगर निकाय के प्रत्येक वार्ड में जनसभाओं का आयोजन करें। साथ ही सभी पंचायतों और वार्डों में पार्टी की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संगठन मंत्री सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। गांव स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी प्रकोष्ठों में शीघ्र ही नियुक्तियां कर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को यह भरोसा दिलाएगी कि “आप आपरे साथे” है। पार्टी जनता के सामने एक मजबूत विकल्प के रूप में खड़ी होगी।
जैतावत ने बताया कि आम आदमी पार्टी आने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों में भाग लेगी और प्रत्येक पंचायत व वार्ड में अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने प्रत्याशियों की वर्गवार पहचान अभी से करने का निर्णय लिया है, ताकि लॉटरी के बाद जिस वर्ग की सीट होगी, उसके अनुसार समय पर टिकट वितरण किया जा सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाली जिले को ईआरसीपी (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) में शामिल करने की मांग भी उठाई गई। जैतावत ने इसे किसानों की जीवनरेखा बताया। इसके साथ ही राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, पाली में कार्डियोलॉजिस्ट, नेफ्रोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट जैसे वरिष्ठ चिकित्सकों के पद रिक्त होने पर चिंता जताई और जल्द नियुक्तियों की मांग की। उन्होंने बांगड़ चिकित्सालय में एमआरआई मशीन के अभाव को गरीबों के प्रति अन्याय बताया। उन्होंने स्कूलों, चिकित्सालयों की बदहाल स्थिति, पाली में सीवरेज व्यवस्था, साफ-सफाई की चरमराई व्यवस्था तथा स्कूल व आंगनबाड़ी भवनों की दुर्दशा को लेकर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी। किसान विंग के जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया और बारिश से पहले सभी बांधों की सफाई कराने की मांग प्रशासन से की।
यूथ विंग के जिलाध्यक्ष महेश पटेल ने रोहट क्षेत्र में भारतमाता प्रोजेक्ट के तहत अधिगृहीत भूमि का मुआवजा किसानों को अब तक नहीं मिलने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी धरना देगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पार्टी के संपत राज सैन, जेठाराम देवासी, राजेन्द्र सिंह सोलंकी, हरिराम, सांवर राम, ओम गुर्जर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *