सिंगरौली की सरई थाना अंतर्गत पुलिस चौकी तिनगुड़ी ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान लगभग 33,600 रुपए की अवैध शराब और 5 लाख रुपए कीमत की एक बोलेरो वाहन जब्त की। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बकहुल जंगल मेन रोड की ओर से एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा पाई गई। पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल कुमार साहू (19), निवासी तलवा, थाना बरगवां, और दिनेश कुमार प्रजापति (30), निवासी तिनगुड़ी, थाना सरई के रूप में हुई है। जब्त की गई शराब में 5 कार्टून बीयर पावर 10000 सुपर स्ट्रॉन्ग के 120 केन (प्रत्येक 500 एमएल) शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 14,400 रुपए है। इसके अतिरिक्त, 3 कार्टून गोवा व्हिस्की के 150 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 19, 200 रुपए है। शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन का क्रमांक MP66 ZB 5773 है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


