सागर के सुरखी में जैन मंदिर समेत अन्य चोरियों की वारदातों के विरोध में शुक्रवार को रहवासियों ने विरोध किया। उन्होंने बाजार बंद करने का ऐलान किया और सड़क पर बैठ गए। थाने के सामने चक्काजाम कर महिला और पुरुष करीब 5 घंटे तक बैठे रहे। एसडीओपी और थाना प्रभारी की समझाइश के बाद माने और एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म किया गया। जानकारी के अनुसार, 12 जनवरी को सुरखी में स्थित जैन मंदिर में चोरों ने सेंध लगाई। चोर मंदिर से चांदी के 19 छत्र चोरी कर भागे थे। वारदात सामने आते ही जैन समाज समेत नगर के लोगों में आक्रोश व्याप्त था। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गए। जिसके बाद शुक्रवार को नगर के व्यापारियों और रहवासियों ने बाजार बंद करने का आह्वान किया। सुबह करीब 10.30 बजे नगर के रहवासियों ने सुरखी थाने के सामने टेंट लगाकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी करने 7 दिन का समय
उन्होंने पुलिस से चोरी की वारदात के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने, गश्त बढ़ाने और अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलते ही देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम सुरखी पहुंचे और चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाइश दी। लेकिन वह एसपी को ज्ञापन देने पर अड़ गए। काफी समझाइश के बाद वे मान और 7 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी करने के आश्वासन पर चक्काजाम खत्म किया गया। इस दौरान करीब 5 घंटे तक सुरखी में चक्काजाम रहा।


