मुरैना की क्वारी नदी में युवक का शव:घर से लकड़ी लेने दो दिन पहले निकला था; नदी किनारे मिले थे जूते, कुल्हाड़ी

मुरैना के कैलारस कस्बे के रिठोनिया गांव निवासी युवक का शव शुक्रवार शाम क्वारी नदी से बरामद किया गया। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। नदी किनारे उसके जूते और कुल्हाड़ी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को डूबने की आशंका हुई थी। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुकेश कुशवाह पिता सुरेश कुशवाह, निवासी ग्राम रिठोनिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुकेश 14 जनवरी बुधवार को घर से कुल्हाड़ी लेकर लकड़ी लेने निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने कैलारस थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। नदी किनारे मिले जूते और कुल्हाड़ी
गुरुवार को एक ग्रामीण ने सूचना दी कि क्वारी नदी के किनारे जूते और कुल्हाड़ी पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहचान की, जो मुकेश के ही निकले। इसके बाद नदी में डूबने की आशंका के चलते स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई गई, लेकिन गुरुवार को सफलता नहीं मिली। एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू, शाम को मिला शव
शुक्रवार को एसडीआरएफ टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। दिनभर की मशक्कत के बाद शाम करीब 5:30 बजे क्वारी नदी से मुकेश का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कैलारस मर्चुरी भेजा गया है। मर्ग कायम, जांच में जुटी पुलिस
कैलारस तहसीलदार नरेश शर्मा ने बताया कि युवक 14 जनवरी से लापता था। नदी किनारे जूते और कुल्हाड़ी मिलने के बाद डूबने की आशंका के चलते रेस्क्यू कराया गया, जिसमें शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *